PUBLIC SAB JANTI HAI

Public Breaking

लाड़ली बहना योजना राशि 3000 करने की मांग, नए रजिस्ट्रेशन पोर्टल शुरू हो

 


महिला कांग्रेस का कटनी में जोरदार प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन



कटनी।
मध्यप्रदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण के नाम पर चलाई जा रही “लाड़ली बहना योजना” को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। योजना की राशि 3000 रुपये प्रतिमाह करने और नए रजिस्ट्रेशन के लिए विधिवत पोर्टल प्रारंभ करने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने कटनी शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया के निर्देश पर महिला कांग्रेस नेत्री सौम्या राँधेलिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं और कांग्रेस कार्यकर्ता पुरानी कचहरी चौक पर एकत्र हुए। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।

लाड़ली बहना योजना में वादाखिलाफी का आरोप

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सौम्या राँधेलिया ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने सत्ता में आने से पहले महिलाओं से वादा किया था कि लाड़ली बहना योजना के तहत हर पात्र महिला को हर माह 3000 रुपये दिए जाएंगे। लेकिन आज लगभग तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी महिलाओं को केवल 1500 रुपये ही मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, रसोई का बजट बिगड़ चुका है और ऐसे में महिलाओं के लिए यह राशि बेहद अपर्याप्त है। महिलाएं आज भी सरकार से अपने वादे पूरे होने की आस लगाए बैठी हैं, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है।









पांच लाख महिलाओं के नाम काटे जाने पर सवाल

सौम्या राँधेलिया ने हाल में सामने आई रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि करीब पांच लाख महिलाओं के नाम पात्र सूची से काट दिए गए हैं, जो पूरी तरह अनुचित और अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं को योजना से बाहर किया गया है, वे वास्तव में जरूरतमंद हैं और उन्हें इस सहायता की सबसे अधिक आवश्यकता है। महिला कांग्रेस का स्पष्ट कहना है कि इन सभी नामों को दोबारा योजना में जोड़ा जाए, ताकि कोई भी पात्र महिला सरकारी सहायता से वंचित न रहे।

नए रजिस्ट्रेशन पोर्टल की मांग

महिला कांग्रेस ने यह भी मांग रखी कि लाड़ली बहना योजना के नए रजिस्ट्रेशन के लिए जल्द से जल्द एक विधिवत पोर्टल शुरू किया जाए। सौम्या राँधेलिया ने कहा कि अभी भी प्रदेश में लाखों महिलाएं ऐसी हैं, जो किसी कारणवश योजना से नहीं जुड़ पाई हैं। यदि नया पोर्टल खोला जाता है तो अधिक से अधिक महिलाएं इस योजना का लाभ ले सकेंगी। उन्होंने सरकार से अपील की कि फरवरी माह से ही राशि बढ़ाकर पूर्व घोषणा के अनुसार 3000 रुपये की जाए।

चेतावनी: मांगें नहीं मानी गईं तो होगा उग्र आंदोलन

महिला कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार ने जल्द ही महिलाओं के हित में ठोस कदम नहीं उठाए, तो प्रदेशभर में अनवरत और उग्र आंदोलन किए जाएंगे। सौम्या राँधेलिया ने कहा कि यह केवल आर्थिक सहायता का सवाल नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान और भरोसे का भी मुद्दा है। सरकार को यह समझना होगा कि महिलाओं से किए गए वादों को निभाना उसकी जिम्मेदारी है।

कांग्रेस नेताओं ने साधा भाजपा पर निशाना

प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला, पूर्व विधायक सुनील मिश्रा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष मोसूफ़ बिट्टू, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव दिव्यांशु मिश्रा, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शुभम मिश्रा, पूर्व महिला ग्रामीण अध्यक्ष माधुरी जैन सहित कई नेताओं ने भाजपा सरकार की कथनी और करनी में अंतर बताते हुए तीखा हमला बोला। नेताओं ने कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार महिलाओं की अनदेखी कर रही है।

बड़ी संख्या में महिलाएं रहीं मौजूद

इस प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश जैन, कमल पांडेय, विवेक पांडेय, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव रजनी वर्मा, एनएसयूआई प्रदेश सचिव अजय खटिक, महिला पार्षद पैरवी बिट्टू अहमद, अर्चना विनीत जयसवाल, फ़ाहिमा अफताब अहमद, नीतू कपिल रजक, राहुल पटेरिया, ब्लॉक अध्यक्ष अजय जसवानी, प्रशांत जयसवाल, विनीत जयसवाल, राजेश जाटव, आईटी सेल प्रदेश उपाध्यक्ष शशांक गुप्ता, सुरेंद्र राणा, कल्लुदास बैरागी, सूर्यकांत कुशवाहा, नारायण निषाद, मीनाक्षी बालवी, कमलेश यादव, रश्मि अग्रवाल, हेमा शर्मा, माया चौधरी, मुमताज बानो, नीरा सोनी, प्रिया अग्रवाल, मीरा बर्मन, रूपा यादव, कांति चौबे, आरती चौधरी, रेखा गोएंका, अनुराधा निषाद, साक्षी सेन, साक्षी सिंह ठाकुर, वंदना मिश्रा, ज्योति द्विवेदी, कल्पना वर्मा, अनिता श्रीवास, जानकी मांगले, प्रतिभा बागरी, आरती ठाकुर सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी

प्रदर्शन के समापन पर महिला कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यह आंदोलन महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई है, जो तब तक जारी रहेगी जब तक सरकार उनकी जायज मांगों को पूरा नहीं करती। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस हर मंच पर महिलाओं की आवाज बुलंद करती रहेगी और जरूरत पड़ी तो सड़कों पर उतरकर संघर्ष भी करेगी।


Written & Edited By : ADIL AZIZ
(जनहित की बात, पत्रकारिता के साथ)
PUBLIC SAB JANTI HAI
Email : publicnewsviews1@gmail.com



लाड़ली बहना योजना, महिला कांग्रेस, कटनी समाचार, महिलाओं का प्रदर्शन, 3000 रुपये मांग, मध्यप्रदेश राजनीति, महिला सशक्तिकरण, कांग्रेस आंदोलन

Ladli Behna Yojana, Mahila Congress, Katni News, Women Protest, MP Politics, Women Empowerment, Congress Protest, Government Scheme

कोई टिप्पणी नहीं